छठ महापर्व पर रेलवे के व्यापक इंतजाम: फेस्टिव सीजन में 950 से अधिक स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का संचालन
जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्री प्रबंधन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। दिवाली से छठ पर्व तक चले त्योहारी सीजन में रेलवे ने 950 से अधिक स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का संचालन किया। जबकि छठ पर्व के लिए 388 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स की व्यवस्था की गई। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के बावजूद ट्रेनों की समयबद्धता करीब 96 फीसदी रही।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया बनाए गए, जहां बैठने, ठहरने, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था की गई। आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए। बिना टिकट स्टेशन में प्रवेश पर रोक लगाई गई तथा यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से करीब एक घंटे पहले प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति दी गई।
यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हसनपुरा साइड स्थित सेकंड बिल्डिंग से अतिरिक्त निकास की व्यवस्था की गई। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों के साथ करीब 80 होमगार्ड तैनात किए गए। प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर अतिरिक्त आरपीएफ, टीटीई और रेलकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, ताकि यात्रियों के चढ़ने-उतरने के दौरान अव्यवस्था नहीं हो। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए नियमित उद्घोषणाएं भी की गईं।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मंडल और मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे वॉर रूम संचालित किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने ट्रेनों के संचालन और प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति की लगातार निगरानी की। डीआरएम और जीएम की मौजूदगी में महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्टेशनों की लाइव सीसीटीवी फुटेज देखी गई। प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे सीसीटीवी कंट्रोल रूम के जरिए भी निगरानी रखी गई, ताकि किसी अप्रत्याशित स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रेलवे ने यात्रियों की मांग के अनुसार अलग-अलग मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की। कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे भी लगाए गए। वरिष्ठ अधिकारियों, डीआरएम और जीएम ने प्रमुख स्टेशनों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों से फीडबैक भी लिया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता दी गई। स्टेशन से लेकर मंडल और मुख्यालय स्तर तक लगातार निगरानी रखी गई। यात्रियों की जरूरत के अनुसार ट्रेनों के संचालन और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

