मालगाडिय़ों की रफ्तार में जोधपुर मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, देश में बना नंबर-2
34.40 किमी प्रति घंटे की औसत गति के साथ हासिल की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि
जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। मालगाडिय़ों की रफ्तार बढ़ाने के मामले में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बेहतर परिचालन प्रबंधन और मजबूत विभागीय समन्वय के दम पर मंडल ने बुधवार को मालगाडिय़ों की औसत गति 34.40 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की। यह जोधपुर मंडल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि के साथ मंडल ने भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में दूसरा स्थान हासिल किया। पहले स्थान पर मदुरै मंडल रहा, जहां मालगाडिय़ों की औसत गति 46.50 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार यह उपलब्धि सुनियोजित परिचालन, बेहतर कार्य प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी तालमेल का परिणाम है।
मालगाडिय़ों के संचालन में समय की बचत और उपलब्ध रेल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। परिचालन गतिविधियों की नियमित निगरानी और अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से मंडल ने अपना पिछला रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। डीआरएम ने कहा कि मालगाडिय़ों की औसत गति में यह बढ़ोतरी रेलवे की माल ढुलाई व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तेज गति से माल परिवहन होने पर वस्तुओं को गंतव्य तक पहुंचाने में लगने वाला समय कम होता है। इससे रेल नेटवर्क की क्षमता का बेहतर उपयोग करने और मालगाडिय़ों के परिचालन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि जोधपुर मंडल का यह प्रदर्शन बेहतर योजना, सतत निगरानी और टीमवर्क की सफलता को दर्शाता है। मंडल अब इस उपलब्धि को बरकरार रखते हुए माल परिवहन को और अधिक तेज, सुरक्षित एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रयासरत है।
परिचालन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रयासजोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि मालगाडिय़ों की औसत गति में सुधार के लिए परिचालन व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। इसके तहत ट्रेनों की आवाजाही की प्रभावी निगरानी, समयबद्ध संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस गति को बनाए रखने और माल परिवहन को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

