home page

जाना था कानपुर, पहुंच गई हिंडौन सिटी; रेलवे सुरक्षा बल बना 15 वर्षीय बालिका का मददगार

 | 
जाना था कानपुर, पहुंच गई हिंडौन सिटी; रेलवे सुरक्षा बल बना 15 वर्षीय बालिका का मददगार


काेटा, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली से कानपुर जाने के लिए ट्रेन में बैठी 15 वर्षीय बालिका गलत ट्रेन में सवार होने के कारण हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पहुंच गई। अनजान शहर में परिजनों का संपर्क नंबर भी याद नहीं होने से बालिका के सामने परेशानी खड़ी हो गई। ऐसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया और ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन करौली को सकुशल सौंप दिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्रातः लगभग 10:30 बजे हिंडौन सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर गाड़ी संख्या 20452 सोगरिया–नई दिल्ली एक्सप्रेस के आगमन के दौरान एक महिला यात्री ने गश्त कर रहे उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार एवं प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा को बालिका के भटककर स्टेशन पहुंचने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मियों ने बालिका को सुरक्षित स्थान पर बैठाया और बातचीत में बालिका ने बताया कि वह दिल्ली से कानपुर जाने के लिए निकली थी, लेकिन गलत ट्रेन में बैठने से हिंडौन सिटी पहुंच गई। परिजनों का मोबाइल नंबर भी उसे याद नहीं था।

आरपीएफ ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी। इसके बाद करौली से पहुंचे चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्य पुष्पेंद्र सैनी एवं गुंजन शर्मा को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बालिका सकुशल सौंप दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव