लूनी जंक्शन पर मेगा टिकट चैकिंग अभियान में 2.28 लाख की वसूली
जोधपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की ओर से शुक्रवार को लूनी जंक्शन पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 337 मामले दर्ज किए गए तथा इनसे करीब 2.28 लाख रुपये की वसूली की गई।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार चलाए गए इस विशेष टिकट जांच अभियान में टिकट चेकिंग स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। जांच के दौरान किराये के रूप में 57 हजार 840, अतिरिक्त किराया के रूप में 1.68 लाख तथा धूम्रपान के एक मामले में 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान में 15 टिकट चेकिंग कर्मचारी एवं 2 आरपीएफ जवान तैनात रहे। उन्होंने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मंडल में आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

