home page

पांच मेडिकल स्टोर पर छापा: पांच लाख की नकली और प्रतिबंधित दवाएं जब्त

 | 
पांच मेडिकल स्टोर पर छापा: पांच लाख की नकली और प्रतिबंधित दवाएं जब्त


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। अवैध, नकली, प्रतिबंधित और बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री के खिलाफ जयपुर दक्षिण पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुहाना और सांगानेर सदर थाना क्षेत्रों में पांच मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। कार्रवाई में करीब पांच लाख रुपए कीमत की संदिग्ध, प्रतिबंधित और बिना बिल की दवाएं बरामद की गईं। जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज और आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के निर्देश पर ड्रग कंट्रोलर मदन मोहन सिंघल तथा मुहाना थानाधिकारी देवेंद्र सिंह और सांगानेर सदर थानाधिकारी धर्म सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टोंक रोड स्थित अभि मेडिकल एंड जनरल स्टोर, श्रीराम की नांगल स्थित शुभम मेडिकल एंड जनरल स्टोर, हाज्यावाला स्थित बालाजी मेडिकल, गोविंदपुरा स्थित श्री श्याम मेडिकोज और वाटिका रोड स्थित देवेश मेडिकल एजेंसी की जांच की।

तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोरों पर बड़ी मात्रा में नकली, प्रतिबंधित और बिना बिल की दवाएं मिलीं। इनकी बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपए आंकी गई। संचालक दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज, ड्रग लाइसेंस और आवश्यक रिकॉर्ड जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने संबंधित दुकानों और गोदामों को सील करते हुए लाइसेंस निलंबित कर दिए। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘मिशन जागृति’ अभियान के तहत 13 अप्रैल से 31 जुलाई तक 81 प्रकरण दर्ज कर 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के सहयोग से ‘अपना वार्ड नशामुक्त वार्ड’ अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान करीब तीन हजार लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया गया।

अभियान की हेल्पलाइन पर मिली 102 शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 18 मामले दर्ज किए गए और 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विभिन्न तिथियों में करीब 5.60 करोड़ रुपए कीमत के अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण भी किया गया।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस मामलों में 26 वाहन और करीब 3.89 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामलों में कुल 80 हजार रुपए के 10 इनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश