शिक्षा एवं समाजसेवा के योगदान पर डॉ. सुभाष जोशी का नागरिक अभिनंदन
बीकानेर, 02 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शनिवार को पुष्करणा भवन में डॉ. सुभाष जोशी का नागरिक अभिनंदन किया गया। डॉ. सुभाष जोशी अभिनंदन समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारित नागरिक होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और शिक्षाविदों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे समाज को दिशा देने का कार्य भी करते हैं। लंबे समय तक शिक्षा क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा के स्रोत बनते हैं और डॉ. सुभाष जोशी का सम्मान इसी प्रेरणादायी परंपरा का सम्मान है।
शिक्षा निदेशालय के स्टाफ ऑफिसर डॉ. अशोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार की निरंतर आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक क्षेत्र में समर्पित कार्य करने वाले लोगों के अनुभवों से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होती है और डॉ. सुभाष जोशी ने इस दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों और सामाजिक चेतना का समावेश समय की आवश्यकता है।
पुष्टिकर यूथ विंग के अध्यक्ष एवं स्वागताध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षाविद डॉ. ओमप्रकाश सारस्वत, भंवर पुरोहित, गिरिराज बिस्सा, के.के. व्यास, संजय पुरोहित, मोडाराम कड़ेला तथा डॉ. दिनेश चूरा ने डॉ. सुभाष जोशी के शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान पर विचार व्यक्त किए। अभिनंदन पत्र का वाचन जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य ने किया। समारोह में डॉ. सुभाष जोशी को शॉल, साफा, अभिनंदन पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान स्वीकार करते हुए शिक्षाविद डॉ. सुभाष जोशी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि समाज से प्राप्त सम्मान व्यक्ति को और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया तथा अंतरराष्ट्रीय कोच अनिल जोशी ने आभार व्यक्त किया। समारोह में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महेंद्र शर्मा, हीरालाल हर्ष, नारायण दास रंगा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, सेवानिवृत्त आरएएस ए.एच. गौरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

