home page

अब शिकायत लेकर दफ्तर के चक्कर नहीं, क्युआर कोड से सीधे प्रशासन तक पहुंचेगी कर्मचारियों की बात

 | 
अब शिकायत लेकर दफ्तर के चक्कर नहीं, क्युआर कोड से सीधे प्रशासन तक पहुंचेगी कर्मचारियों की बात


काेटा, 29 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने कर्मचारियों की शिकायतों और सुझावों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए क्यु आर कोड आधारित ऑनलाइन सुविधा शुरू की है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा की पहल पर शुरू इस व्यवस्था से कर्मचारी मोबाइल से क्यु आर कोड स्कैन कर कहीं से भी अपनी शिकायत या सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कर्मचारी सेवा, स्थापना, वेतन, पास, भविष्य निधि, आवास, कर्मचारी कल्याण एवं कार्यस्थल से जुड़े मामलों को ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। शिकायतों के 30 दिवस में निस्तारण का प्रावधान रखा गया है तथा शिकायतकर्ता की व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रहेगी।

शिकायत दर्ज होने पर कर्मचारी को यूनिक शिकायत संख्या मिलेगी, जिससे वह अपने प्रकरण की प्रगति ऑनलाइन देख सकेगा। यह डिजिटल पहल कर्मचारी और प्रशासन के बीच संवाद को आसान बनाने के साथ शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता को मजबूत करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव