पुष्कर मेले में आने वाले पर्यटकों से नहीं होगी यात्री कर की वसूली
अजमेर, 13 नवम्बर(हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। मेले के दौरान 16 से 28 नवंबर तक तीर्थयात्रियों से यात्री कर और वाहनों से पार्किंग शुल्क की वसूली नहीं की जाएगी। नगर परिषद प्रशासन ने मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ और प्रवेश मार्गों पर लगने वाले जाम को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इससे देशभर से पुष्कर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही प्रवेश मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। नगर परिषद आयुक्त रेखा जैसवानी ने इस संबंध में यात्री कर ठेकेदार को आदेश जारी कर 16 से 28 नवंबर तक पुष्कर के प्रवेश मार्गों पर संचालित सभी यात्री कर नाके बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में इन नाकों पर यात्री कर और वाहन पार्किंग शुल्क की वसूली नहीं होगी।
गौरतलब है कि पुष्कर मेले के दौरान यात्री कर नाकों पर वाहनों की कतारें लगने से प्रवेश मार्गों पर जाम की स्थिति बन जाती है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पिछले वर्ष जिला कलेक्टर ने मेला अवधि में यात्री कर नाके बंद रखने के आदेश जारी किए थे। इसी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार भी नगर परिषद प्रशासन ने यात्री कर वसूली बंद रखने का निर्णय लिया है।
मेले की अवधि में 13 दिनों तक यात्री कर और पार्किंग शुल्क की वसूली बंद रहने से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर नगर परिषद और संबंधित ठेकेदार को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ेगा। हालांकि प्रशासन का मानना है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

