जोधपुर रेल मंडल की समयपालनता में उल्लेखनीय उपलब्धि
जोधपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने समयपालनता के क्षेत्र में एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पांच व छह मई को लगातार दो दिनों तक 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी दर्ज की है। मंडल की सभी ट्रेनों का संचालन निर्धारित समयानुसार किया गया, जो बेहतर परिचालन प्रबंधन, सुदृढ़ योजना एवं रेलकर्मियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि वर्तमान माह में पांच मई से छह मई की अवधि के दौरान जोधपुर मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालनता प्राप्त की है। इससे पूर्व भी मार्च माह में मंडल द्वारा लगातार पांच दिनों तक 100 प्रतिशत समयपालनता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया था। उन्होंने बताया कि मंडल पर रेलपथ अनुरक्षण एवं विभिन्न तकनीकी कार्यों के बावजूद भी परिचालन को सुचारू बनाए रखते हुए ट्रेनों का संचालन समयानुसार सुनिश्चित किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर मंडल की इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का नतीजा और अनुकरणीय बताया। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा संचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ट्रैक एवं सिग्नल प्रणाली का नियमित निरीक्षण, आवश्यक मरम्मत कार्यों का समय पर निष्पादन तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर कर्मचारियों को समयपालनता के महत्व के प्रति निरंतर जागरूक एवं प्रेरित किया जाता है, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारू एवं समयबद्ध बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

