home page

राजस्थान के 32 जिलों में 22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान

 | 
राजस्थान के 32 जिलों में 22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान


जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षा देने के लिए 22 नवंबर को प्रदेश के चयनित 32 जिलों में उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 92 लाख 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज करने और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जयपुर स्थित स्वास्थ्य भवन में राज्य स्तरीय कार्यबल की बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से जुड़ी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे।

उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, नागौर, पाली, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सलूम्बर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर जिलों में आयोजित किया जाएगा।

मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय जरूरी है।

उन्होंने अभियान में तैनात होने वाले कार्मिकों का समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने और जिलों में गठित समितियों की बैठकें आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान लक्षित बच्चों तक पहुंच बनाने और टीकाकरण की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा। बैठक में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डॉ. जोगाराम ने 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले जिलों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों में जानकारी सत्र आयोजित कर लक्षित लाभार्थियों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने पंचायती राज और शिक्षा विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रतेश्वर, परियोजना निदेशक टीकाकरण डॉ. रघुराज सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ और अन्य विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित