home page

शहीद स्मारक पर जुटे प्रदेशभर के पर्यटक गाइड

 | 
शहीद स्मारक पर जुटे प्रदेशभर के पर्यटक गाइड


शहीद स्मारक पर जुटे प्रदेशभर के पर्यटक गाइड


जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों लाइसेंसधारी लोकल एवं स्टेट लेवल पर्यटक गाइडों ने मंगलवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

राजस्थान पर्यटक गाइड्स संघर्ष समिति के संरक्षक रविशंकर धाभाई ने बताया कि टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एंड रिफॉर्म सोसायटी (पंजी.) और विभिन्न गाइड संगठनों के संयुक्त आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में सरकार से पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत गाइडों के हितों की रक्षा के लिए ठोस निर्णय लेने की मांग की गई।

सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष धारा सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रमुख मांगों में राजस्थान पर्यटक गाइड कल्याण बोर्ड का गठन, राजस्थान पर्यटन व्यापार (सुविधा एवं विनियमन) नियम, 2010 में संशोधन कर गाइडों को संविदा सेवा में शामिल करना, गाइड लाइसेंस की वैधता दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करना तथा नवीनीकरण शुल्क समाप्त करना शामिल है। इसके अलावा गाइडों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने, गंभीर बीमारी, दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता, निःशुल्क विदेशी भाषा प्रशिक्षण, नियमित रिफ्रेशर कोर्स और कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने की भी मांग की गई।

धरने में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय से मान्यता प्राप्त फेडरेशन ऑफ टूरिस्ट गाइड्स, जयपुर के अध्यक्ष मान सिंह शेखावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय नारायण गुप्ता, अनुभवी गाइड समिति आमेर के प्रदीप चटर्जी, सुदीप चटर्जी, सांवरमल यादव, आमेर गाइड यूनियन के अध्यक्ष विष्णु जागा तथा हवा महल गाइड यूनियन के अध्यक्ष राकेश यादव सहित विभिन्न गाइड संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि पर्यटक गाइड राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन उद्योग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी गाइडों को कार्य करने की अनुमति देने, अवैध गाइडिंग पर प्रभावी रोक लगाने तथा पर्यटन विभाग की नीतियों और निर्णय प्रक्रिया में गाइड प्रतिनिधियों को उचित स्थान देने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। गाइडों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी वर्षों से लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश