एंबुलेंस में शव रख प्रदर्शन, मुआवजे की मांग पर हंगामा
उदयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। उदयपुर के वल्लभनगर क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एंबुलेंस में रखकर प्रदर्शन किया। करीब 300 लोग शव को ट्रैक्टर मालिक के घर ले जाने लगे, जिसे पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इससे नाराज होकर ग्रामीण सड़कों पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
हादसा शुक्रवार रात नेशनल हाईवे-48 से नवानिया रोड पर हुआ, जहां बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में नवानिया निवासी 20 वर्षीय रूद्र नागदा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हैं।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उग्र होकर 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़ गए। इस दौरान पुलिस से बहस भी हुई, एक महिला ने गुस्से में धमकी तक दे दी।
स्थिति को देखते हुए वल्लभनगर पुलिस सहित खेरोदा, मावली, फतेहनगर और भींडर थानों का जाब्ता तैनात किया गया। करीब तीन घंटे तक समझाइश जारी रही। पुलिस के अनुसार मामला नियंत्रण में है। ट्रैक्टर और बाइक जब्त कर ली गई है, जबकि चालक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

