दिल्ली में युवक की हत्या के जोधपुर में विरोध
जोधपुर, 17 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में गत चार मार्च को खटीक समाज के युवक तरुण बुटोलिया की हत्या के विरोध में जोधपुर में मंगलवार को समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। खटीक समाज के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की गई।
पार्षद अशोक खींची ने बताया कि 26 वर्षीय तरुण बुटोलिया, जो उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी का निवासी था, की कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पीडि़त परिवार सहित पूरे समाज में असुरक्षा की भावना और रोष व्याप्त है। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी सजा देने की भी मांग उठाई गई।
समाज के प्रतिनिधियों ने पीडि़त परिवार को सुरक्षा प्रदान करने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त आरोपियों की अवैध संपत्ति को ध्वस्त करने की कार्रवाई करने की भी मांग रखी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

