home page

न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण के विरोध में तीसरे दिन भी प्रदर्शन, टायर जलाकर जताया आक्रोश

 | 
न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण के विरोध में तीसरे दिन भी प्रदर्शन, टायर जलाकर जताया आक्रोश


न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण के विरोध में तीसरे दिन भी प्रदर्शन, टायर जलाकर जताया आक्रोश


न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण के विरोध में तीसरे दिन भी प्रदर्शन, टायर जलाकर जताया आक्रोश


जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोगों और व्यापारियों का प्रदर्शन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य लोग सड़क पर जुटे तथा टायर जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने जेडीए के नाम से प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण सोडाला और न्यू सांगानेर रोड पर यातायात प्रभावित रहा।

जेडीए सोडाला तिराहे से गुर्जर की थड़ी तक सड़क चौड़ीकरण के लिए कार्रवाई कर रहा है। प्राधिकरण के अनुसार सड़क सीमा में आने वाले निर्माण हटाए जाने हैं और इस संबंध में 210 संपत्तियों को नोटिस दिए गए हैं। इनमें मकान, दुकान, शोरूम, दीवार, रैंप सहित विभिन्न निर्माण शामिल हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि कार्रवाई से 200 से अधिक मकान और दुकानें प्रभावित हो सकती हैं।

जेडीए ने पांच अक्टूबर से न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। पहले चरण में सड़क के दोनों ओर करीब 700 मीटर हिस्से से रैंप, रेलिंग, फुटपाथ, टिनशेड, सीढ़ियां और बाउंड्रीवॉल सहित निर्माण हटाए गए। अब करीब 1.7 किलोमीटर के शेष हिस्से में कार्रवाई की तैयारी है। जेडीए के अनुसार पूरी सड़क पर करीब 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं।

जेडीए प्रवर्तन शाखा के पुलिस उपाधीक्षक इस्लाम खान ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर डिमार्केशन कराया गया और संबंधित लोगों को नोटिस दिए गए हैं। पीटी सर्वे भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि आपत्तियों की प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जेडीए के अनुसार नगर निगम से संबंधित 124 आपत्तियां लंबित हैं। इनमें करीब 100 आपत्तियां नगर निगम के क्षेत्राधिकार से जुड़ी हैं। प्राधिकरण ने इनके निस्तारण के लिए हाईकोर्ट से चार सप्ताह का समय मांगा है। मामले में करीब दो सप्ताह बाद फिर सुनवाई होनी है। जेडीए ने छह अक्टूबर को हाईकोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट भी पेश की थी।

नगर निगम सिविल लाइंस जोन के उपायुक्त मनोहर लाल जाट ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद टीम गठित की गई है और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अशोक नगर में निगम की ओर से कुछ पट्टे जारी किए गए हैं और उनकी संख्या टीम की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

न्यू सांगानेर रोड व्यापार मंडल के महामंत्री पंकज शर्मा ने कहा कि व्यापारियों का विरोध डिमार्केशन को लेकर भी है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का आधार स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने विवेक विहार और श्याम नगर मेट्रो स्टेशन परिसरों को कार्रवाई से अलग रखे जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एक ही रोड एलाइनमेंट पर स्थित इन परिसरों के आसपास निजी संपत्तियों पर लाल निशान लगाए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पहले डिवाइडर को सड़क का मध्य बिंदु मानकर दोनों ओर समान कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन निशान लगाते समय गूगल कोऑर्डिनेट के आधार पर अलग-अलग माप किया गया। इससे दोनों ओर कार्रवाई की सीमा में अंतर आया। स्थानीय निवासी मनोज कुमावत ने दावा किया कि जेडीए में उन्हें अलग नक्शा दिखाया गया था, जबकि मौके पर निशान लगाने के दौरान स्थिति अलग मिली। संजय शर्मा ने कहा कि आपत्तियों के निस्तारण की जानकारी प्रभावित लोगों को नहीं दी जा रही है। उन्होंने 1979 का सोसायटी पट्टा होने का भी दावा किया।

व्यापारियों ने दीपावली तक कार्रवाई रोकने की मांग की है। व्यापारी विजय मोदी ने कहा कि त्योहार से पहले कार्रवाई होने से कारोबार प्रभावित होगा। अन्य स्थानीय लोगों ने भी पुराने दस्तावेजों और मुआवजे तथा वैकल्पिक व्यवस्था का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों की ओर से आत्मदाह जैसे कदम उठाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई। पुलिस जाब्ता तैनात रहा और यातायात को नियंत्रित किया गया।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई

न्यू सांगानेर रोड के प्रभावित व्यापारियों ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई। इसके बाद जेडीए की कार्रवाई आगे बढ़ी। प्राधिकरण का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण न्यायालय के आदेश की पालना में किया जा रहा है और संबंधित लोगों को पहले नोटिस दिए गए हैं। दूसरी ओर प्रभावित लोग अपनी आपत्तियों, पुराने दस्तावेजों और मकान-दुकान प्रभावित होने का हवाला देकर कार्रवाई रोकने की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश