पंवार समिति की रिपोर्ट के बाद नई राजस्व इकाइयों के गठन पर कार्रवाई का वादा
जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि पंवार समिति की सर्वे रिपोर्ट के बाद प्रदेश में नई राजस्व इकाइयों के गठन तथा वर्तमान इकाइयों में संशोधन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्नकाल के दौरान सदस्य छगनसिंह राजपुरोहित के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए राजस्व मंत्री ने बताया कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर विधानसभा क्षेत्र आहोर में नए पटवार मंडलों के गठन और पुनर्गठन के संबंध में निर्णय किया जाएगा। उन्होंने सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि विधानसभा क्षेत्र आहोर में वर्तमान में 71 पटवार मंडल संचालित हो रहे हैं। इन पटवार मंडलों की तहसीलवार सूची सदन के पटल पर रखी गई है। उन्होंने कहा कि इनमें से 11 पटवार मंडल ऐसे हैं जो ग्राम पंचायतवार नहीं हैं।
राजस्व मंत्री ने बताया कि फिलहाल आहोर विधानसभा क्षेत्र में नए पटवार मंडलों के गठन या पुनर्गठन से संबंधित कोई प्रस्ताव विभाग स्तर पर विचाराधीन नहीं है। उन्होंने कहा कि पटवारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करना एक सतत प्रक्रिया है और विभाग द्वारा समय-समय पर इन पदों को भरने की कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में पटवारी की सीधी भर्ती प्रक्रिया के तहत तीन हजार 319 चयनित अभ्यर्थियों को जिलों का आवंटन कर दिया गया है और संबंधित विभागाध्यक्षों यानी जिला कलेक्टरों द्वारा उनके नियुक्ति आदेश भी जारी किए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

