बालिका शिक्षा से देश और प्रदेश की प्रगति संभव: राज्यपाल बागडे
जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि बालिका शिक्षा से देश प्रदेश व समाज की प्रगति अधिक सुसंगत और मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को अच्छी शिक्षा दिलायें जिससें समाज और परिवार प्रगति करें।
राज्यपाल बागडे बुधवार को पाली जिले के रोहट के गांव में श्री राजेश्वर भगवान आंजणी माता गुरूकुल कन्या महाविद्यालय के छात्रावास के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा से दो परिवार शिक्षित होते है महिलायें आज हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है और आगे है। उन्होंने कहा कि बालक हो या बालिका उन्हें अच्छी शिक्षा दिलानी चाहिये जिससे कि वे जीवन में आगे बढ़े और देश प्रदेश का नाम रोशन करे।
उन्होंने कहा कि साध्वी भगवती बाई के छात्रावास गुरूकुल निर्माण योगदान को प्रणाम किया। साथ ही कहा कि हमारे यहां पहले गुरूकुल पद्वति थी जिसमें हमारी संस्कृति,देव,सनातन धर्म की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर महिला शिक्षा,संस्कारित समाज, नैतिकता,ईमानदार लोग तैयार हो । राज्यपाल ने महिलाओं के भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान पर प्रकाश डालते हुये कहा कि हमारे धर्म समाज में महिलाओं को देवी का रूप माना जाता रहा है उन्हें दुर्गा ,सरस्वती, काली लक्ष्मी का रूप माना गया है।
राज्यपाल ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजना बेटी बचाओं बेटी पढाओ के बारे में बालिकाओं के लिये जागरूकता के लिये लायी गयी है । उन्होंने कहा कि लड़कियां समाज परिवार पर बोझ है, इस मानसिकता से बाहर आने की आवश्यकता है।
उन्होंने राजस्थान के वीरो, कल, धर्म, संस्कृति के बारे मे विस्तार से प्रकाश डाला और साथ ही यहां के वीरता को बप्पा रावल की बहादुरी का उदाहरण दिया। इससे पहले राज्यपाल ने कन्या छात्रावास भवन का लोकार्पण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

