home page

मुंजाल, अग्रवाल और कलवाणी को निजी क्षेत्र में मिले रोजगार के बेहतरीन अवसर

 | 
मुंजाल, अग्रवाल और कलवाणी को निजी क्षेत्र में मिले रोजगार के बेहतरीन अवसर


बीकानेर, 23 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतरीन अवसर उपलब्ध करवाने के लिए आयोजित किए जा रहे रोजगार सहायता शिविर युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। शिविरों का लाभ लेकर युवा अपने गृह जिले में ही अच्छे पैकेज में नियोजित हुए हैं और सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन यापन कर रहे हैं। यह युवा मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की इस पहल का आभार भी जता रहे हैं।

आकाश इंस्टीट्यूट में एसिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के तौर पर कार्यरत प्रखर मुंजाल ने बताया कि रोजगार सहायता शिविर उसके लिए सहयोगी साबित हुआ। इंस्टीट्यूट में लगभग डेढ़ वर्ष पहले एसिस्टेंट मैनेजर के रूप में चयन हुआ। अब वह एसिस्टेंट ब्रांच मैनेजर बन गया है तथा पूरी लगन से काम करते हुए ब्रांच मैनेजर बनने की ओर अग्रसर है। उसने बताया कि उसे 6.3 लाख रुपए वार्षिक पैकेज पर नियोजित किया गया है। उसने इसके लिए उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय का भी आभार जताया और कहा कि विभाग के प्रयासों से युवाओं को आगे बढ़ने की राह मिल रही है।

एसबीआई क्रेडिट कार्ड में सीनियर ट्रेनिंग मैनेजर के रूप मे चयनित सुमित अग्रवाल ने बताया कि वह 4.7 लाख रुपए के सालाना पैकेज पर चयनित हुआ है। इसमें रोजगार सहायता शिविर का महत्वपूर्ण रोल रहा। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक बेरोजगार युवा को ऐसे अवसरों का लाभ लेना चाहिए। उन्होंने ऐसे आयोजनों के लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया और कहा कि युवाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं।

मोदी डेयरी में लेखाकार के रूप में चयन पाने वाले नवरत्न कलवाणी ने राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे रोजगार सहायता शिविरों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में 4.38 लाख रुपए के वार्षिक पैकेज पर काम कर रहे हैं। वह पहले कलकता में जाॅब करते थे। बीकानेर आते ही उन्हें रोजगार सहायता शिविर के माध्यम से यह अवसर मिला, जो कि कलवाणी के परिवार के लिए स्वर्णिम साबित हुआ। उसने इसके लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव