हिंदू नववर्ष धर्मयात्रा को लेकर तैयारियां तेज, सेवा भारती की बैठक व बस्तियों में संपर्क अभियान
बीकानेर, 09 मार्च (हि.स.)। आगामी 19 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भव्य हिंदू नववर्ष धर्मयात्रा को लेकर बीकानेर महानगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सेवाधाम बालक छात्रावास, बीकानेर में सेवा भारती बीकानेर एवं विभिन्न प्रकल्पों के प्रमुखों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय नववर्ष समारोह समिति, बीकानेर महानगर के संयोजक श्री उमेश जी व्यास का पाथेय प्राप्त हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए उमेश व्यास ने आगामी हिंदू नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 19 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भव्य हिंदू नववर्ष धर्मयात्रा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीकानेर महानगर में भारतीय नववर्ष को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने के लिए विभिन्न बस्तियों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी प्रकल्प प्रमुखों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपनी-अपनी बस्तियों में सक्रिय होकर नववर्ष के आयोजन को सफल बनाने में योगदान दें। इसके अंतर्गत प्रत्येक घर पर भगवा पताका लगाने, मोहल्लों के प्रमुख मंदिरों एवं मुख्य मार्गों की सजावट करने, धर्मयात्रा मार्ग पर तिलक एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था करने तथा प्रत्येक प्रकल्प की ओर से आकर्षक झांकियां तैयार कर धर्मयात्रा में सहभागी बनने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में सेवा भारती के सांवर मोदी, मंत्री अरुण, प्रवीण खत्री, रामनारायण, विनेश, गौरीशंकर , उषा शर्मा, सुरेंद्र, हजारी, केसरी गुप्ता, श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसी कड़ी में बजरंग नगर क्षेत्र की चार बस्तियों—मुरलीधर विस्तार बस्ती, काशी विश्वनाथ बस्ती, भूतनाथ बस्ती एवं विवेकनाथ बस्ती का संयुक्त होली स्नेहमिलन समारोह एवं भारतीय नव वर्ष समारोह समिति की बैठक मां करणी भवन, मुरलीधर व्यास नगर में आयोजित की गई। बैठक में ठाकुरदास स्वामी, रामकिशन सुथार, आनंद श्रीमाली एवं राकेश स्वामी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारतीय नववर्ष समारोह समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा द्वारा उदरामसर एवं उदासर क्षेत्र में सर्व समाज के प्रतिनिधियों से संपर्क किया गया और महानगर के जाट समाज एवं पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद कर धर्मयात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता का आग्रह किया गया। धर्म यात्रा में जन भागीदारी के लिए हिंदू जागरण मंच के महानगर संयोजक कैलाश भार्गव के नेतृत्व में मंगलवार, 10 मार्च 2026 को सातों नगर की बैठक आयोजित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

