अमेरिकी ट्रेड डील के विरोध में आंदोलन की तैयारी, नौ को श्रीगंगानगर में किसान सम्मेलन प्रस्तावित
जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। अमेरिका के साथ केंद्र सरकार द्वारा की गई ट्रेड डील के विरोध में राजस्थान कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के संकेत दिए हैं। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, समन्वय समिति सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में एआईसीसी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डोटासरा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के दबाव में ट्रेड डील स्वीकार की है, जिससे राजस्थान के किसान, व्यापारी, उद्यमी और हैंडीक्राफ्ट व्यवसायी प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समझौते का विरोध करेगी और किसानों व व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
डोटासरा ने बताया कि प्रदेश में किसान सम्मेलन आयोजित कर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। यह सम्मेलन नौ मार्च को श्रीगंगानगर में प्रस्तावित है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद प्रदेशभर में गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर अभियान चलाया जाएगा।
एआईसीसी प्रभारी रंधावा ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और यह ट्रेड डील कृषि एवं उससे जुड़े उद्योगों पर विपरीत प्रभाव डालेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी केंद्र सरकार पर किसानों के हितों से समझौता करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस निर्णय का सड़कों से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेगी।
बैठक में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी और अन्य नेताओं ने भी आंदोलन को व्यापक स्तर पर चलाने की बात कही। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसानों और कृषि से जुड़े उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

