राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय, कई जिलों में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत
जयपुर, 15 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को जयपुर, चित्तौड़गढ़, अजमेर, अलवर, दौसा, टोंक समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। कई स्थानों पर अच्छी वर्षा हुई, जबकि चित्तौड़गढ़ में करीब एक इंच बारिश हुई।
राजधानी जयपुर में पहले तेज धूलभरी आंधी चली, इसके बाद आसमान में घने बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। दौसा, टोंक, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, बूंदी, बारां और कोटा सहित अनेक जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ में 23 मिलीमीटर तथा बूंदी जिले के हिंडौली क्षेत्र में 18 मिलीमीटर वर्षा मापी गई। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई तथा लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बना रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान फलोदी में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जैसलमेर और पिलानी में 41.2, बाड़मेर में 41.1, चूरू में 40.9 तथा श्रीगंगानगर में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। इसके बावजूद अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।
मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। सोमवार को भी 15 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ पश्चिमी क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

