home page

आर्थिक साक्षरता व मानसिक स्वास्थ्य के संगम से संवरेगा नौनिहालों का भविष्य

 | 
आर्थिक साक्षरता व मानसिक स्वास्थ्य के संगम से संवरेगा नौनिहालों का भविष्य


पचास स्कूलों के शिक्षकों को दिया प्रायोगिक प्रशिक्षण

जोधपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। आर्थिक साक्षरता और मानसिक स्वास्थ्य पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला परिषद हॉल में शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में जोधपुर और लूनी ब्लॉक के 50 चयनित सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षकों को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य एवं आर्थिक साक्षरता विषय पर व्यापक और प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।

जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान की प्रधानाचार्य और डीईओ मंजू शर्मा ने बताया किबदलते परिवेश और बढ़ते मानसिक दबाव के बीच बच्चों के कोमल मन को समझने और उन्हें संबल प्रदान करने के लिए जोधपुर में एक अभिनव पहल एम्स जोधपुर और जिला परिषद सीईओ के प्रयासों से डाइट के माध्यम से की गई है। इसी कड़ी में आज जिला परिषद के कलेक्ट्रेट स्थित मीटिंग हॉल में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। शैक्षिक प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभागाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर सोलंकी ने बताया कि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में एम्स जोधपुर की प्रोफेसर नीति रुस्तगी ने मुख्य वक्ता और प्रशिक्षक के रूप में शिरकत की तथा साइबर व बैंकिंग क्षेत्र के विशेषज्ञ मनीष रामावत ने साइबर क्राइम और बैंकिंग जागरूकता पर वार्ता दी।

ईटी विभाग की आशा माथुर ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जोधपुर शहर और लूनी क्षेत्र के 50 प्रमुख स्कूलों के प्रतिनिधियों कों तैयार कर एक जिला स्तर की कोर टीम का गठन किया गया है । इन शिक्षकों को अब अपने-अपने स्कूलों में जाकर अन्य स्टाफ और अभिभावकों को भी जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

सीएमडीई विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मोहन सिंह उदावत ने बताया कि कोरोनाकाल के बाद बच्चों के व्यवहार में कई तरह के बदलाव आए हैं। एकाकीपन और स्क्रीन टाइम बढऩे से बच्चों में अवसाद और एंग्जायटी के लक्षण बढ़े हैं। डाइट से रेणु तिवारी ने बताया कि जिला प्रशासन, डाइट और एम्स जोधपुर की यह संयुक्त पहल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के बच्चों के लिए एक सुरक्षा चक्र तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश