home page

राजहेल्थ पोर्टल से 305 सहायक आचार्यों के पदस्थापन आदेश जारी

 | 
राजहेल्थ पोर्टल से 305 सहायक आचार्यों के पदस्थापन आदेश जारी


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। राज्य के मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सक शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राजमेस के अधीन संचालित मेडिकल कॉलेजों में सहायक आचार्य के 305 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापन एवं नियुक्ति आदेश बुधवार को जारी कर दिए गए। चयनित अभ्यर्थियों को यह पदस्थापन राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए गए हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न विशिष्टताओं के रिक्त पदों पर चिकित्सक शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया पूरी की गई है। प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा शिक्षा) गायत्री राठौड़ ने बताया कि 21 नवंबर 2025 को जारी विज्ञप्ति के क्रम में चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापन एवं नियुक्ति आदेश 12 अगस्त 2026 को राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से जारी किए गए।

विभाग के अनुसार पदस्थापन की पूरी प्रक्रिया राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है।

इससे चयनित अभ्यर्थियों को पदस्थापन से संबंधित जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो गई है। साथ ही पूरी प्रक्रिया में सुगमता और तेजी सुनिश्चित हुई है।

आयुक्त चिकित्सा शिक्षा बाबूलाल गोयल ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को अब शीघ्र ही संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य के समक्ष उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेडिकल कॉलेजों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

सहायक आचार्यों की नियुक्ति से मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न विषयों के रिक्त पद भरने में मदद मिलेगी।

इससे चिकित्सा विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं को भी बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। विभाग ने इसे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित