योग दिवस पर चित्तौड़गढ़ में ढाई लाख लोगों के योग का लक्ष्य
चित्तौड़गढ़, 19 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले भर में उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग संगम पोर्टल पर जिले में अब तक 4,300 से अधिक योग स्थलों का पंजीकरण हो चुका है और ढाई लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग कार्यालय में शुक्रवार को उपनिदेशक डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक ने बताया कि योग दिवस पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों, पंचायत एवं उपखंड मुख्यालयों सहित विभिन्न राजकीय संस्थानों में योग कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों, पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न योग संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। डॉ. प्रमाणिक ने बताया कि योग संगम पोर्टल पर अब तक 4,300 से अधिक योग स्थलों का पंजीकरण हो चुका है तथा यह संख्या 5,000 से अधिक होने की संभावना है। जिले भर में लगभग ढाई लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तैयारियों को लेकर सहायक निदेशक डॉ. लवकुश पाराशर, ब्लॉक योग नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह मंडलोई, योग गुरु सुरेश शर्मा, डॉ. विनोद गंधर्व, डॉ. मनीष टांक, डॉ. मुकेश माली, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अनिल सिसोदिया, पियूष सिंह राव, सचिन कुमार मौड़ एवं विनोद जीनगर उपस्थित रहे।
21 जून रविवार को जिले के सभी स्थानों पर योग कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग संदेश एवं उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

