home page

सकारात्मक सोच ही आनंदमय जीवन का मूल मंत्र : राज्यपाल

 | 
सकारात्मक सोच ही आनंदमय जीवन का मूल मंत्र : राज्यपाल


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि मुनि का अर्थ होता है, मनन करने वाला तपस्वी साधक। उन्होंने कहा कि मुनियों के बताए आदर्शों से और प्रवचन से ही मन शुद्ध होता है। आनंदमय जीवन की शर्त यह है कि हम बाहर से ही नहीं अंदर से शांत रहें। मन तभी शांत रहेगा जब नकारात्मकता की बजाय हम सदा सकारात्मक सोच रखेंगे।

राज्यपाल बागडे रविवार को श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा द्वारा आयोजित “अध्यात्म से आरोग्य एवं आनंद की यात्रा” संगोष्ठी में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय संस्कृति में समग्र रूप से जीवन की शुद्धता और कल्याण पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केवल बाहरी स्वच्छता ही नहीं, बल्कि विचारों, इरादों और कर्मों की पवित्रता महत्वपूर्ण है।समृद्धि का आधार अधिक से अधिक चीजों का और दौलत का हमारे पास होना नहीं है। समृद्धि का अर्थ है, जो आपके पास है, उससे संतुष्ट रहना।

राज्यपाल ने कहा कि मन को शांत रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा मिल की बेकाबू घोड़े को काबू में किया का सकता है, मन को कई बार चाहकर भी शांत नहीं कर सकते। उन्होंने मन को शांत रखने के लिए अपने शब्दों पर गौर करने पर जोर दिया। वही शब्द बोलें जो समयानुरूप हो। उन्होंने कहा कि फिनलैंड प्रसन्नता के इंडेक्स में विश्व का सबसे अग्रणी देश है। इसका कारण यह है कि वहां संतुष्टि है। उन्होंने राष्ट्र को सशक्त और शक्तिशाली बनाने पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए सभी मिलकर प्रयास करें।

राज्यपाल ने कहा कि भौतिक सुख-सुविधाएं आनंद प्रदान नहीं करती बल्कि प्रकृति से जुड़ जीवन और थोड़े में बहुत कुछ पाने की संतुष्टि ही हमें तनाव मुक्त करती है। इससे पहले आचार्य महाश्रमण के शिष्य मुनिश्री सुधाकर ने आनंदमय जीवन के लिए अपेक्षाओं से मुक्त रहने पर जोर दिया। उन्होंने अपरिग्रह को अपनाने के साथ मन को शांत रखने के लिए श्वसन तंत्र पर विशेष ध्यान रखने और अपने इष्ट का ध्यान कर हर कार्य प्रारंभ किए जाने का प्रवचन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश