home page

पूनरासर हनुमान मेले की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा

 | 
पूनरासर हनुमान मेले की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा


बीकानेर, 16 सितंबर (हि.स.)। जिला कलेक्टर निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बुधवार को पूनरासर गांव पहुंचकर 17 से 19 सितंबर तक होने वाले पूनरासर हनुमान मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने पदयात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों का पेचवर्क जल्द पूरा करने तथा मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों के लिए बेरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा। पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। धर्मशालाओं और अन्य स्थानों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला समाप्ति तक समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि मेले के लिए श्रद्धालु बुधवार से पैदल और अन्य माध्यमों से पूनरासर के लिए रवाना होंगे। तीन दिवसीय मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव