मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
जोधपुर, 26 नवम्बर (हि.स.)। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि के दौरान गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी, विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा एवं अपर जिला कलक्टर (द्वितीय) के कक्ष में हुई।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह ज्वाणी और कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष हेमसिंह सिंह गहलोत सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के प्रकाशन और निस्तारण की जानकारी दी गई। इसके तहत प्रपत्र 9, 10, 11, 11ए एवं 11बी की साप्ताहिक और तिथिवार सूचनाएं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गईं। इन सूचियों की मुद्रित प्रतियां भी उपलब्ध करवाकर उनकी पावती प्राप्त की गई। प्रतिनिधियों को बताया गया कि उक्त सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर भी विधानसभा क्षेत्र और तिथिवार उपलब्ध हैं। सूचियों में किसी प्रकार की विसंगति अथवा शंका होने पर आगामी 3 दिसंबर को होने वाली बैठक से पूर्व संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने अथवा संशोधन के लिए प्रपत्र 6, 7 एवं 8 में से संबंधित प्रपत्र ऑनलाइन माध्यम से वोटर सर्विस पोर्टल अथवा ईसीआईनेट एप के जरिए भरे जा सकते हैं। इसके अलावा आवेदन बूथ स्तरीय अधिकारियों को भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उन मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए-2) नियुक्त करवाने का आग्रह किया, जहां अभी तक नियुक्तियां नहीं हुई हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

