home page

ब्याज माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, एसपी बोले- अवैध वसूली या प्रताड़ना करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

 | 
ब्याज माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, एसपी बोले- अवैध वसूली या प्रताड़ना करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


चित्तौड़गढ़, 04 जून (हि.स.)। बिना वैध लाइसेंस के अत्यधिक ब्याज पर पैसा उधार देकर लोगों को डराने-धमकाने और मानसिक प्रताड़ना देकर जबरन वसूली करने वाले ब्याज माफियाओं के खिलाफ पुलिस अब सख्ती बरतेगी। जिले में ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह ने बताया कि बिना लाइसेंस के अत्यधिक ब्याज पर धन उधार देना, उधारकर्ताओं को डरा-धमका कर, मानसिक प्रताड़ना देकर या दबाव बना कर जबरन वसूली करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।एसपी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऋण के नाम पर अनुचित ब्याज वसूल रहा है, धमकी दे रहा है, संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहा है या किसी प्रकार की जबरदस्ती कर रहा है, तो पीड़ित व्यक्ति या उसके परिजन तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने आमजन से भयमुक्त होकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। पीड़ित संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर

7300453344 या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दे सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसपी की चेतावनी, किसी को नहीं बख्शेंगे

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने वाले, अवैध रूप से ब्याज का कारोबार करने वाले और लोगों का आर्थिक व मानसिक शोषण करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के हितों की रक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल