पुलिस स्थापना दिवस पर 130 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित, पौधारोपण व रक्तदान शिविर आयोजित
चित्तौड़गढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान पुलिस का 77 वां स्थापना दिवस गुरुवार को पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सराहनीय कार्य करने पर 130 पुलिसकर्मियों का सम्मान किया गया। पौधारोपण व रक्तदान शिविर सहित अन्य कई कार्यक्रम आयोजित हुए। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने किया। परेड कमांडर अनिल पांडे संचित निरीक्षक के नेतृत्व में सलामी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने राजस्थान पुलिस दिवस पर मौजूद पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। पुलिस विभाग में कर्तव्य निष्ठा एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 10 वर्ष की लगातार बेदाग सेवा पूर्ण करने पर जिले के 20 पुलिसकर्मियों सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, 54 पुलिसकर्मियों को अति उत्तम सेवा चिन्ह व 56 पुलिसकर्मियों को उत्तम सेवा चिन्ह तथा प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
पुलिस स्थापना दिवस पर जनसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित करते हुए पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 34 यूनिट रक्तदान किया। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष राजस्थान में पुलिस के समस्त विभागों द्वारा 16 अप्रैल को राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस मनाया जाता है। 16 अप्रैल 1949 को सभी रियासतों की पुलिस ने विलीनीकरण करके राजस्थान पुलिस की स्थापना की थी।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि राजस्थान पुलिस अपनी गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप कानून व्यवस्था शांति एवं सद्भाव को बनाए रखने के साथ ही हिंसा और अपराध की रोकथाम के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। पुलिस के जवानों ने नागरिकों की जान माल की सुरक्षा के लिए अनेक अवसरों पर त्याग एवं बलिदान के अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। पुलिस की कार्य प्रणाली में निरंतर सुधार लाने के साथ ही आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर पुलिस और निरंतर जनमित्र की भूमिका निभाने के लिए तत्पर है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अलावा एएसपी सरिता सिंह , एएसपी भगवत सिंह ही़गड़ सहित जिले के पुलिस उप अधीक्षक व कई थानाधिकारियों के साथ पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

