पीएमएआर कनेक्ट-26 में जुटे प्रदेशभर के व्यवसायी: आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। पेस्ट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (पीएमएआर) की ओर से जयपुर में पीएमएआर कनेक्ट-26 वार्षिक बिजनेस एवं टेक्निकल कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। ‘कनेक्ट-लर्न-ग्रो-ट्रांसफॉर्म’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए एसोसिएशन के पदाधिकारियों, पेस्ट मैनेजमेंट व्यवसायियों, उद्योग प्रतिनिधियों और डेलीगेट्स ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विभाग, जयपुर के संयुक्त निदेशक शंकर लाल मीणा और कृषि अधिकारी मोहित गुप्ता उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने पेस्ट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन की डिजिटल पहचान को मजबूत करने की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।
इस सम्मेलन के दौरान पेस्ट मैनेजमेंट क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवीन उत्पादों, पर्यावरण अनुकूल समाधानों और व्यवसाय की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने उत्पादों और तकनीकी समाधानों की प्रस्तुतियां देकर उनकी उपयोगिता की जानकारी दी। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पेस्ट मैनेजमेंट उद्योग एवं व्यवसाय में एआई के उपयोग, तकनीकी बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।
आयोजन के दौरान विभिन्न पेस्ट मैनेजमेंट कंपनियों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए। डेलीगेट्स ने स्टॉलों का अवलोकन कर आधुनिक उत्पादों, उपकरणों और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। सम्मेलन के माध्यम से उद्योग से जुड़े व्यवसायियों को आपसी संवाद, अनुभव साझा करने, नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने के लिए साझा मंच मिला।
इस अवसर पर पीएमएआर अध्यक्ष सोमेश शर्मा, उपाध्यक्ष महेंद्र, सचिव लोकेश यादव, संयुक्त सचिव सुनील शर्मा और कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार पीएमएआर कनेक्ट-26 का मुख्य उद्देश्य राजस्थान में पेस्ट मैनेजमेंट उद्योग को मजबूत मंच प्रदान करना, आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को प्रोत्साहित करना तथा उद्योग से जुड़े सभी पक्षों के बीच ज्ञान, सहयोग और व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करना रहा। सम्मेलन में तकनीकी नवाचार और बदलते व्यावसायिक परिदृश्य के अनुरूप उद्योग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

