home page

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पीएम दें जवाब — डॉ. याग्निक

 | 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पीएम दें जवाब — डॉ. याग्निक


उदयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अमी याग्निक ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की है। शनिवार को उदयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ है, तो इस पूरे मामले की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए और प्रधानमंत्री को इस पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

डॉ. याग्निक ने कहा कि भाजपा विपक्ष पर आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल के विभिन्न विवादों और मामलों पर जवाब दे। उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सामने आई अनियमितताओं से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने सवाल किया कि संबंधित मंत्री अब तक जवाबदेही स्वीकार करते हुए इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई अनियमितता नहीं हुई थी, तो ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उनके अनुसार इस्तीफे स्वीकार किए जाने से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि मामले में गंभीरता है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

कांग्रेस की ओर से उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि देशभर के श्रद्धालुओं के मन में उठ रहे सवालों का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी विवाद की पारदर्शी जांच होना आवश्यक है।

डॉ. याग्निक ने कहा कि भाजपा ने वर्षों तक भगवान राम के नाम पर जनसमर्थन और चंदा जुटाया तथा इसी मुद्दे के आधार पर राजनीतिक लाभ भी प्राप्त किया है। ऐसे में जब मंदिर से जुड़े किसी घोटाले की बात सामने आती है तो सरकार और संबंधित पक्षों की जवाबदेही भी बनती है।

प्रेस वार्ता में उदयपुर के पूर्व सांसद एवं देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा तथा कांग्रेस नेता पंकज कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता