home page

स्वस्थ भारत के संकल्प को जन-जन तक पंहुचाने का आव्हान

 | 
स्वस्थ भारत के संकल्प को जन-जन तक पंहुचाने का आव्हान


धौलपुर, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने एवं स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा की धौलपुर जिला इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बिना तेल के पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर स्वस्थ खान-पान का संदेश दिया। इसके साथ ही कम तेल एवं संतुलित आहार अपनाने का संकल्प भी लिया।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला संयोजक श्रीमती कल्पना शर्मा ने कहा कि स्वस्थ परिवार की शुरुआत रसोई से होती है तथा कम तेल और संतुलित भोजन अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक परिवार स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएगा। इसलिए पूरे देश में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं का आव्हान किया कि वे अपने घर,परिवार तथा अन्य महिलाओं को भी इस कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में जानकारी दें। कार्यक्रम में धौलपुर की पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती रामवती एवं धौलपुर विधानसभा संयोजक श्रीमती शशि त्यागी सहित अन्य मौजूद रहे। अंत में नेहा राघव ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बिना तेल के पौष्टिक व्यंजनों की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सेजल त्यागी ने प्रथम एवं जुलेखा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप