home page

तीन सौ से अधिक महिला उद्यमियों को मिला मंच: बिजनेस के साथ लिया अंगदान का संकल्प

 | 
तीन सौ से अधिक महिला उद्यमियों को मिला मंच: बिजनेस के साथ लिया अंगदान का संकल्प


जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। महिला सशक्तीकरण, उद्यमिता, कौशल विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब लघु उद्योग भारती, जयपुर एवं अलका गौड़ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में होटल सोवेनियर पेपरमिंट, जयपुर में भव्य बिजनेस ग्रीट एंड मीट एवं स्किल ट्रेनिंग सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक महिला उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों, गृह उद्योग संचालिकाओं, प्रोफेशनल्स एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लेकर नेटवर्किंग, प्रशिक्षण और नए व्यावसायिक अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व जयपुर महापौर सौम्या गुर्जर ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिला ही आत्मनिर्भर समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। महिलाओं को नवाचार, तकनीक और आपसी सहयोग के माध्यम से अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान करते हुए उन्होंने ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।

लघु उद्योग भारती की प्रांत महामंत्री सुनीता शर्मा ने कहा कि संगठन महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को केवल व्यापारिक अवसर ही नहीं देते, बल्कि उन्हें सशक्त नेटवर्क, आत्मविश्वास, बाजार से जुड़ाव और व्यवसाय विस्तार के नए रास्ते भी उपलब्ध कराते हैं।

अलका गौड़ फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. अलका गौड़ ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत शक्ति है। यदि उसे सही प्रशिक्षण, उचित मंच और प्रभावी नेटवर्क मिले तो वह स्वयं के साथ अनेक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित कर सकती है। उन्होंने कहा कि सावन, तीज और भारतीय पर्व केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि 'वोकल फॉर लोकल', हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग और महिला उद्यमिता को नई पहचान देने वाले सबसे बड़े आर्थिक अवसर भी हैं। भारतीय त्योहारों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुँचाया जा सकता है।

सभी महिला उद्यमियों को अंगदान (ऑर्गन डोनेशन) की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं अंगदान के प्रति जागरूक रहेंगी और समाज में अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश