home page

राजस्थान पुलिस एसआई भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा तीन अगस्त से

 | 
राजस्थान पुलिस एसआई भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा तीन अगस्त से


जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के लिखित परीक्षा परिणाम के बाद भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होने जा रहा है। लिखित परीक्षा में सफल 20,798 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक प्रदेश के आठ रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रवेश-पत्र जल्द जारी किए जाएंगे।

उप महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि आरपीएससी ने लिखित परीक्षा 5 और 6 अप्रैल 2026 को आयोजित की थी, जिसका परिणाम 19 जून 2026 को घोषित किया गया। अब पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित करेगा।

उन्होंने बताया कि पीईटी जयपुर (दो परीक्षा केंद्र), उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर और अजमेर रेंज मुख्यालयों पर होगी। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

मनोज कुमार ने बताया कि प्रवेश-पत्र शीघ्र जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थायी आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं शारीरिक दक्षता मानकों के अनुरूप तैयारी करें।

पुलिस भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट तथा प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों से नियमित रूप से राजस्थान पुलिस की वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश