home page

दस दिन में चौथी मार: जयपुर में पेट्रोल 112.66, डीजल 97.78 पहुंचा

 | 
दस दिन में चौथी मार: जयपुर में पेट्रोल 112.66, डीजल 97.78 पहुंचा


जयपुर, 25 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के बीच राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम आदमी की चिंता और बढ़ा दी है। सोमवार को प्रदेशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी की गई। राजधानी जयपुर में पेट्रोल 2.82 रुपये और डीजल 2.73 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया। इसके बाद जयपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव शशांक कोरानी के अनुसार मई महीने में यह चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। 15 मई से अब तक पेट्रोल करीब 8 रुपये और डीजल 7.5 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल में करीब 3.25 रुपये और डीजल में 3.02 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 और 23 मई को भी दाम बढ़े थे।

राजधानी जयपुर के अलावा कोटा, अजमेर, सीकर, उदयपुर और जोधपुर में भी पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 2.7 से 2.8 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश