खेलते-खेलते एक साल के मासूम ने निगलीं 9 चुंबकीय गोलियां, आंतों में हुए 16 छेद
जेएलएन अस्पताल में चार घंटे चली जटिल सर्जरी, चिकित्सकों ने मैग्नेटिक बॉल निकालकर बचाई बच्चे की जान
अजमेर, 28 सितम्बर(हि.सं.)। खेलते समय एक साल के मासूम ने 9 चुंबकीय गोलियां निगल लीं। आंतों में पहुंचने के बाद ये गोलियां आपस में चिपक गईं और इनके लगातार चुंबकीय खिंचाव के कारण आंतों के अलग-अलग हिस्सों में 16 छेद हो गए। गंभीर हालत में बच्चे को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय लाया गया, जहां शिशु शल्य विभाग की टीम ने करीब चार घंटे की जटिल सर्जरी कर उसकी जान बचाई।
जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय प्रशासन के डॉ अनिल सामरिया के अनुसार बच्चे ने 14 सितंबर को चुंबकीय गोलियां निगली थीं। शुरुआत में स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन बाद में उसका पेट फूलने लगा और हालत बिगड़ती गई। 15 सितंबर को परिजन उसे जेएलएन अस्पताल के शिशु शल्य विभाग लेकर पहुंचे। जांच में आंतों में गंभीर क्षति और रुकावट का पता चला। चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान आंतों में फंसी 9 चुंबकीय गोलियां निकाली गईं। गोलियों के आपसी आकर्षण से आंतों के कई हिस्से एक-दूसरे से चिपक गए थे और दबाव के कारण 16 स्थानों पर छेद हो चुके थे।
चिकित्सकों ने क्षतिग्रस्त हिस्सों का उपचार किया। सर्जरी में डॉ. गरिमा अरोड़ा, डॉ. दिनेश बारोलिया सहित शिशु शल्य विभाग की टीम और निश्चेतना विभाग की टीम ने भूमिका निभाई। चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार ऑपरेशन के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

