सीसीटीवी की मदद से मिला यात्री का खोया मोबाइल
काेटा, 24 सितंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन अमानत के तहत कोटा रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का यात्रा के दौरान छूटा मोबाइल खोजकर सुरक्षित वापस लौटाया। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मोबाइल को प्लेटफॉर्म संख्या 1-ए पर खोजा गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि झालावाड़ जिले के ग्राम लास निवासी ओम प्रकाश काछी गाड़ी संख्या 19020 के जनरल कोच में दिल्ली से कोटा की यात्रा कर रहे थे। कोटा स्टेशन पहुंचने के दौरान उनका रियलमी 10 प्रो मोबाइल छूट गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹25 हजार थी। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक कप्तान सिंह एवं मंडल टीओपीबी टीम ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तलाश के दौरान मोबाइल प्लेटफॉर्म संख्या 1-ए पर लावारिस अवस्था में मिला, जिसे सुरक्षित रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा में जमा कर यात्री को सूचित किया गया।यात्री के रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पहुंचने पर आवश्यक सत्यापन के बाद मोबाइल उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। मोबाइल सुरक्षित मिलने पर यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

