home page

ट्रेन में यात्रियों के बैग आपस में बदल गए, टीटीई और आरपीएफ की तत्परता से सुलझा मामला

 | 
ट्रेन में यात्रियों के बैग आपस में बदल गए, टीटीई और आरपीएफ की तत्परता से सुलझा मामला


काेटा, 29 अक्टूबर (हि.स.)। कोटा मंडल के गंगापुर सिटी स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय एक यात्री गलती से दूसरे यात्री का बैग लेकर उतर गया, जबकि उसका अपना बैग ट्रेन में ही रह गया। रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की त्वरित कार्रवाई एवं आपसी समन्वय से दोनों यात्रियों के बैग की पहचान कर उन्हें सही यात्रियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। इस दौरान करीब ₹1.96 लाख मूल्य के आभूषण एवं नकदी से भरा बैग भी सुरक्षित यात्री को लौटा दिया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 29 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 12059 के डी-1 कोच की सीट संख्या 31 पर कोटा से गंगापुर सिटी की यात्रा कर रहे मानसिंह उतरते समय गलती से सीट संख्या 26 पर सवार दूसरे यात्री का बैग लेकर उतर गए। दूसरा यात्री कोटा से मथुरा की यात्रा कर रहा था। बैग बदलने का पता चलते ही मानसिंह ने गंगापुर सिटी स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात टीटीई श्री मनोज कुमार को इसकी जानकारी दी।

टीटीई मनोज कुमार ने तत्काल वाणिज्य नियंत्रक, कोटा को सूचित कर ट्रेन में कार्यरत टीटीई नरेश कुमार मीना से संपर्क किया। नरेश कुमार मीना ने तत्परता दिखाते हुए डी-1 कोच में पहुंचकर सीट संख्या 31 पर छूटे बैग की पहचान की और उसे बयाना स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिया। बयाना में आरपीएफ के प्रधान आरक्षक अमर सिंह ने बैग सुरक्षित प्राप्त किया। बाद में यात्री मानसिंह के बयाना आरपीएफ चौकी पहुंचने पर उप निरीक्षक तुलसीराम मीना ने आवश्यक सत्यापन के बाद बैग उन्हें सुपुर्द किया। बैग में ₹1.30 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा ₹66,500 नकद सहित कुल ₹1,96,500 का सामान सुरक्षित मिला।वहीं मानसिंह द्वारा गलती से गंगापुर सिटी में उतारे गए दूसरे यात्री के बैग को भी गाड़ी संख्या 12903 से मथुरा भिजवाने की व्यवस्था की गई।

इस प्रकार टीटीई मनोज कुमार एवं नरेश कुमार मीना की त्वरित पहल तथा गंगापुर सिटी और बयाना के आरपीएफ कर्मचारियों के बेहतर समन्वय से बैग बदलने का मामला सुलझाया गया। यात्री मानसिंह ने अपना कीमती सामान सुरक्षित मिलने पर रेलवे कर्मचारियों एवं आरपीएफ का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव