home page

बीकानेर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल की कार्यकर्ताओं ने पिटाई की

 | 
बीकानेर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल की कार्यकर्ताओं ने पिटाई की


बीकानेर, 02 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव में वार्ड 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर बीकानेर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल की कुछ कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी। कार्यकर्ता टिकट चोर, टिकट चोर के नारे लगा रहे थे। नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस के उम्मीदवारों को सिंबल देने के नाम पर डुप्लीकेट सिंबल जारी करने के आराेप लगाए गए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारणी की ओर से जिन लोगों को उम्मीदवार बनाकर उनके नाम पर सिंबल जारी किए गए थे मेघवाल ने उसमें फेरबदल करते हुए अपने चहते उम्मीदवारों को डुप्लीकेट सिंबल जारी कर दिए। इसका पता चलने पर कार्यकर्ता मदनलाल मेघवाल के पीछे लगे हुए थे और आज उन्होंने वार्ड 50 में एक कार्यक्रम के दौरान मदनलाल मेघवाल की पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान कार्यकर्ता टिकट कर टिकट कर के नारे लगा रहे थे। इस दाैरान मेघवाल के कपड़े तक फाड़ डाले।

उधर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन मेघवाल के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए इसे कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया। पंचारिया ने कहा कि कांग्रेस ने कभी दलितों का सम्मान नहीं किया। सीताराम केसरी से लेकर आज मदन मेघवाल तक कांग्रेस के भीतर दलित नेताओं का लगातार अपमान होता आया है। कांग्रेस में दलित नेताओं को सम्मान और अधिकार देने के बजाय उन्हें अपमानित किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा दलित समाज और दलित नेतृत्व को सम्मान एवं समान अवसर दिया है। भाजपा की विचारधारा में सबका सम्मान और सबका साथ मूल भावना है। श्याम पंचारिया ने कहा कि कांग्रेस को अपने ही जिलाध्यक्ष के साथ हुई इस घटना पर आत्मचिंतन करना चाहिए और अपने कार्यकर्ताओं के व्यवहार के लिए जनता से जवाब देना चाहिए।

अपनी बात कहते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल ने कहा कि चुनाव में सभी उम्मीदवार टिकट मांगते हैं लेकिन मिलता किसी एक को ही। मोहित अरोड़ा ने वार्ड संख्या 50 में टिकट के लिए आवेदन किया था। आज वह वार्ड 50 में ही कार्यालय उद्घाटन के मौके पर आया, मुझे अलग ले जाकर बात की। मैं सीढ़ियों पर ही बात कर रहा था तभी उसने और उसके साथ आए गुंडों ने मारपीट शुरू कर दी। हमने आईजी को शिकायत की है। उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव