home page

नेशनल डेजर्ट ट्रैकिंग में प्रतिभागियों ने लिया रेतीले धोरों का आनंद 

 | 
नेशनल डेजर्ट ट्रैकिंग में प्रतिभागियों ने लिया रेतीले धोरों का आनंद 


बीकानेर, 27 सितंबर (हि.स.)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित नेशनल लेवल एनवायरमेंट अवेयरनेस कम डेजर्ट ट्रैकिंग प्रोग्राम के द्वितीय दिवस पर देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजर एवं स्काउट-गाइड ने जिले के मरुस्थलीय क्षेत्र में पैदल ट्रैकिंग की।

सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला ने बताया कि मंडल प्रशिक्षण केंद्र, देवीकुंड सागर से हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात एवं राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने जोड़बीड़ मरुस्थलीय क्षेत्र से पैदल ट्रैकिंग करते हुए राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र का भ्रमण किया। यहां वैज्ञानिक डॉ. धवलकांत यादव ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र की गतिविधियों एवं ऊंटों से संबंधित अनुसंधान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

दोपहर में लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाड़ी के अधिष्ठाता विमर्शानंद जी ने युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के विकास में सशक्त भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आध्यात्मिक जीवन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिया।

शिविर संचालक एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की सहायक निदेशक शिवांगी सक्सेना ने कहा कि पैदल ट्रैकिंग के माध्यम से प्रतिभागियों को बीकानेर की भौगोलिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक संस्कृति को नजदीक से जानने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह शिविर विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम भी बन रहा है।

स्काउट सीओ जसवंत राजपुरोहित ने बताया कि शिविर के तीसरे दिन प्रतिभागी रायसर के रेतीले धोरों में ट्रैकिंग के माध्यम से फसल उत्पादन एवं स्थानीय वनस्पतियों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। रात्रि में प्रतिभागियों को नक्षत्र ज्ञान का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

शिविर में सीओ स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित, किरण घई, लीडर ट्रेनर पवन कुमार, सहायक लीडर ट्रेनर जयवीर सिंह, मनोज कल्याण, यूनिट लीडर रामकृष्ण बेनीवाल, हड़मान दान सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक सहायक संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव