home page

परकोटा गणेश मंदिर में सजेगी छप्पन भोग की झांकी

 | 
परकोटा गणेश मंदिर में सजेगी छप्पन भोग की झांकी


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर के चांदपोल स्थित प्रसिद्ध परकोटा गणेश मंदिर में बुधवार को प्रथम पूज्य भगवान गणेश का वार्षिक पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पंचामृत अभिषेक, भव्य श्रृंगार, फूल बंगला झांकी और छप्पन भोग के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।

तीर्थों के जल से होगा अभिषेक

महंत अमित शर्मा ने बताया कि पाटोत्सव पर भगवान गणेश का विभिन्न तीर्थों के जल और गुनगुने जल से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रथम पूज्य को नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी और चांदी के मुकुट से शृंगार किया जाएगा। फूल बंगला झांकी में सजे गणपति के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचेंगे।

छप्पन भोग और महाआरती रहेगी खास

पाटोत्सव के अवसर पर भगवान गणेश के समक्ष छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई जाएगी। संत-महंतों के सानिध्य में महाआरती होगी। इस दौरान महंत परिवार की ओर से संतों का माला, दुपट्टा और प्रसाद भेंट कर सम्मान किया जाएगा। उन्हें भगवान गणेश की छवि भी भेंट की जाएगी।

भजनों से गूंजेगा मंदिर परिसर

आयोजन के दौरान स्थानीय भजन गायक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से प्रथम पूज्य का गुणगान करेंगे। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और विशेष झांकियों के बीच मंदिर में श्रद्धा और उत्सव का माहौल रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश