home page

शुभ मुहूर्त में पारस सिंघवी ने संभाला उदयपुर महापौर का पदभार, उपमहापौर गुरुवार को संभालेंगे पदभार

 | 
शुभ मुहूर्त में पारस सिंघवी ने संभाला उदयपुर महापौर का पदभार, उपमहापौर गुरुवार को संभालेंगे पदभार


उदयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का लगातार सातवीं बार बोर्ड बनने के बाद नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने बुधवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पंडितों और सगजी बावजी के पुजारी के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई, जिसके बाद नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बुके भेंट कर नए महापौर का स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व, भारतीय जनता पार्टी शहर जिला उदयपुर की ओर से विजयी पार्षदों और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने तथा जनता का आभार व्यक्त करने के लिए एक विशाल ‘आभार रैली’ का आयोजन किया गया। टाउन हॉल से शुरू हुई आभार रैली खुले वाहनों में निकाली गई। सबसे आगे चल रहे वाहन में नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी, उपमहापौर दिनेश भट्ट, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, दीप्ति माहेश्वरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी सवार थे।

यह रैली सूरजपोल, झीनीरेत, मुखर्जी चौक, बड़ा बाजार, घंटाघर, मोती चौहट्टा, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, देहलीगेट और बापू बाजार होते हुए पुनः टाउन हॉल पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों और शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर नवनिर्वाचित बोर्ड का भव्य स्वागत किया। सूरजपोल चौराहे पर भाजपा नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

पदभार संभालने के बाद महापौर पारस सिंघवी ने पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि उदयपुर की जनता ने भाजपा पर जो अटूट विश्वास जताया है, वह एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विश्वप्रसिद्ध झीलों की स्वच्छता, संरक्षण और हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।पर्यटन स्वरूप को कायम रखते हुए शहर की सड़कों, नालियों, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रणाली को दुरुस्त किया जाएगा। निगम के कामकाज में पारदर्शिता लाई जाएगी और शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे।

इधर, नवनिर्वाचित उपमहापौर दिनेश भट्ट गुरुवार को प्रातः 11:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में अपने पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता