home page

प्रधान चुनाव में कहीं निर्विरोध जीत, कहीं बगावत तो कहीं गठजोड़ का खेल

 | 
प्रधान चुनाव में कहीं निर्विरोध जीत, कहीं बगावत तो कहीं गठजोड़ का खेल


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव ने गांव की सियासत को पूरी तरह गरमा दिया है। मतदान से पहले ही कई पंचायत समितियों में निर्विरोध प्रधान चुने जा चुके हैं, जबकि कई जगह भाजपा और कांग्रेस के भीतर ही बगावत ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। कहीं निर्दलीय प्रत्याशी ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के सामने ताल ठोक दी है तो कहीं विरोधी दल के प्रत्याशी को समर्थन देकर समीकरण बदलने की कोशिश हुई है। ऐसे में शुक्रवार का दिन प्रदेश की ग्रामीण राजनीति के लिए खासा अहम बन गया है।

प्रधान पद के चुनाव में कई पंचायत समितियों में निर्विरोध निर्वाचन से तस्वीर साफ हो गई। अजमेर की बड़ल्या में भाजपा के श्रवण सिंह रावत, बालोतरा की गुड़ामालानी में भाजपा की विमला देवी, बाड़मेर की भियाड़ में कांग्रेस की मनोरमा और रामसर में कांग्रेस की हसीना बानो निर्विरोध प्रधान बनीं। बीकानेर की हदां में कांग्रेस की ममता मेघवाल और जसरासर में कांग्रेस की गीता, उदयपुर की वल्लभनगर में भाजपा की पूनम मेनारिया तथा जयपुर की आंधी में कांग्रेस की माया देवी वर्मा भी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं।

जोधपुर की ओसियां में कांग्रेस की संतोष कंवर, शेरगढ़ में कांग्रेस के भगवान सिंह राठौड़, जैसलमेर की भणियाणा में कांग्रेस के अब्दुल रहमान, झुंझुनूं की सिंघाना में कांग्रेस की पूनम, उदयपुरवाटी में कांग्रेस के फूलचंद और जयपुर की शाहपुरा में कांग्रेस की संतरा गुर्जर निर्विरोध चुने गए। वहीं फलोदी की देचू में कांग्रेस के ओमा राम, पाली की रानी स्टेशन में भाजपा के मुन्नालाल और राजसमंद की चारभुजा पंचायत समिति में भाजपा के गोपी लाल निर्विरोध प्रधान बने।

सीकर की धोद पंचायत समिति में भाजपा के सामने अपनी ही पार्टी के बागी ने चुनौती खड़ी कर दी। यहां भाजपा के मूलचंद रणवा अधिकृत प्रत्याशी हैं, लेकिन भाजपा के ओमप्रकाश बिजारणियां ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया। कांग्रेस के राजेंद्र सामोता ने नामांकन वापस ले लिया। अब मुकाबला भाजपा के मूलचंद रणवा और निर्दलीय ओमप्रकाश बिजारणियां के बीच है।

नीमकाथाना में भी कांग्रेस के भीतर बगावत देखने को मिली। अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज गीता देवी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया। उनके समर्थकों के बाड़ेबंदी स्थल पर पहुंचकर हंगामा करने से पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी खुलकर सामने आ गई।

बूंदी की नैनवां पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब वाहन की प्रवेश को लेकर हिंडौली से कांग्रेस विधायक अशोक चांदना और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। घटनाक्रम के दौरान विधायक खुद बैरिकेडिंग हटाने लगे, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से उनकी धक्का-मुक्की हुई।

उदयपुर की सायरा पंचायत समिति में कांग्रेस के पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने भी प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। इससे स्थानीय मुकाबले में कांग्रेस के लिए पूर्व मंत्री की सक्रियता महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 419 पंचायत समितियों को शुक्रवार शाम तक नए प्रधान मिल जाएंगे, जबकि 28 नवंबर को उप-प्रधानों के चुनाव होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित