home page

पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण में भाजपा के पक्ष में दिखा मतदाताओं का उत्साह: मदन राठौड़

 | 
पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण में भाजपा के पक्ष में दिखा मतदाताओं का उत्साह: मदन राठौड़


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण में शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उत्साहपूर्वक मतदान किया है। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रथम चरण में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को भरपूर आशीर्वाद दिया है। राठौड़ ने कहा कि संभाग प्रभारियों और जिला प्रभारियों से प्राप्त फीडबैक के अनुसार मतदाताओं में भाजपा के प्रति उत्साह का माहौल है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ मोर्चा संभाला और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए किसान कल्याण, ऊर्जा, बिजली, ग्रामीण सड़क, कनेक्टिविटी और आवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गांवों को मजबूत बनाना, किसानों को राहत देना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को बिजली बिलों में राहत देने से लेकर कृषि विद्युत कनेक्शन, सौर ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तक कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए गए प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में कार्य करते हुए 65603 करोड़ रुपए किसानों के बिजली बिलों में अनुदान दिया। 2.38 लाख से अधिक कृषि विद्युत कनेक्शन जारी किए गए। किसानों के लिए भजनलाल सरकार ने प्रदेश के 26 जिलों में दिन में बिजली की व्यवस्था की है। 3.45 लाख किसानों को कुसुम योजना के माध्यम से निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 5017 मेगावाट क्षमता की 2279 सौर परियोजनाएं स्थापित की गईं। सरकार ने 67408 सोलर पंपों पर 1134 करोड़ का अनुदान दिया। 3.09 लाख रूफटॉप सोलर संयंत्रों के माध्यम से 1206 मेगावाट क्षमता विकसित की गई। प्रदेश में 53.89 लाख स्मार्ट मीटर लगाए गए। उन्होंने कहा कि कृषि ऊर्जा व्यवस्था में बिजली सब्सिडी के साथ सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन देना किसानों को राहत पहुंचाने और प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा क्षेत्र के साथ सड़क और कनेक्टिविटी का विकास केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों को कृषि मंडियों, युवाओं को रोजगार के अवसरों, विद्यार्थियों को शिक्षा और आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण एवं अन्य सड़क परियोजनाओं के माध्यम से गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया है। 12007 करोड़ की लागत से 23637 किलोमीटर ग्रामीण सड़कें विकसित की गईं। 1760 गांवों को डामर सड़कों से जोड़ा गया। 4477 करोड़ की लागत से 9991 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का विकास किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3616 किलोमीटर सड़कों का उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण किया गया। 2372 करोड़ की लागत से 8575 किलोमीटर मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल सड़क कार्य हुए।

राठौड़ ने कहा कि सड़क नेटवर्क का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति देने, कृषि उत्पादों के परिवहन को सुगम बनाने और गांवों में रोजगार एवं व्यापार की संभावनाओं को बढ़ाने में सहायक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश