home page

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट महिला पुलिसकर्मियों और सुरक्षा सखियों का सम्मान

 | 
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट महिला पुलिसकर्मियों और सुरक्षा सखियों का सम्मान


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को राजस्थान पुलिस मुख्यालय में राज्यभर की उत्कृष्ट महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्याओं और सुरक्षा सखियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की पहल पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

रहाटकर ने कहा कि सुरक्षा सखियां समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं हैं, जो पुलिस के साथ समन्वय कर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने उन्हें ‘रियल लाइफ हीरो’ और ‘वंडर वुमन’ बताते हुए राजस्थान की वीरता परंपरा को आगे बढ़ाने वाली बताया।

इस अवसर पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा समाज की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने RajCop Citizen App, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो स्क्वॉड जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में महिला अपराधों में कमी आई है और अनुसंधान का समय भी घटा है।

कार्यक्रम की शुरुआत एडीजी लता मनोज कुमार ने महिला सुरक्षा अभियानों की जानकारी देते हुए की। संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीणा ने किया, जबकि अंत में डीआईजी श्वेता धनखड़ ने आभार व्यक्त किया।

इस दौरान चित्तौड़गढ़ की आरती कुमावत, जैसलमेर की खेतू, ब्यावर की सरिता, भरतपुर की रीना आर्य, जयपुर दक्षिण की प्रियंका, खैरथल-तिजारा की पुष्पा, कोटा शहर की सोनिया, बीकानेर की संजू और जोधपुर पश्चिम की किरण सहित कई महिला कांस्टेबलों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न रेंज की सुरक्षा सखियों और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्याओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्य और साहसिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश