home page

बेकाबू ट्रेलर तंबू में घुसा, दो बच्चों सहित तीन की मौत

 | 
बेकाबू ट्रेलर तंबू में घुसा, दो बच्चों सहित तीन की मौत


झुंझुनूं, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले में शुक्रवार तड़के नंगली दीप सिंह गांव में सुबह करीब चार बजे एक बेकाबू ट्रेलर खेत के पास लगे तंबू में घुस गया, जिसमें सो रहे दो परिवारों के सात लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो मासूम बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और तंबू में सो रहे लोग खून से लथपथ हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान डोड्डी (सूरजगढ़) निवासी मुन्नाराम की 13 वर्षीय बेटी प्रियंका, बिजौली निवासी सुरेश की 12 वर्षीय बेटी मोहिनी उर्फ मोडी और सुरेश की पत्नी छोटकी उर्फ होठकी (27) के रूप में हुई है। घायल सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जबकि रवीना (20) का इलाज बीडीके हॉस्पिटल झुंझुनूं में जारी है।

पुलिस के अनुसार ये परिवार मजदूरी के लिए क्षेत्र में प्याज की खुदाई करने आए थे और खेत के पास ही तंबू लगाकर रह रहे थे। हादसे के समय सभी लोग गहरी नींद में थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर तंबू में घुस गया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गुढ़ागौड़जी थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा आरोपित चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों और झुंझुनूं पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित