home page

अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा: डॉ. राजपुरोहित

 | 
अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा: डॉ. राजपुरोहित


जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के गायनिक विंग में अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को अंगदान के महत्व, उसकी कानूनी प्रक्रिया और सामाजिक आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता एमडीएम अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. विकास राजपुरोहित ने कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद भी अंगदान के माध्यम से कई लोगों को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कैडेवरिक ट्रांसप्लांट प्रोग्राम की नोडल अधिकारी डॉ. वंदना शर्मा ने अंगदान की कानूनी प्रक्रिया, ब्रेन डेथ की अवधारणा तथा कैडेवरिक अंगदान की महत्ता पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. जगदीश चौधरी ने अंगदान की आवश्यकता, वैज्ञानिक तथ्यों और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन मुख्य ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर शिमला पुनिया ने किया, जबकि अंत में डिम्पल चौहान ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नर्सिंग अधीक्षक वेद प्रकाश शर्मा सहित हुकमचंद चौहान, रमेश सामरिया, मंजू शर्मा तथा बड़ी संख्या में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स, नर्सिंग ऑफिसर्स एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंगदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश