home page

बीकानेर में अंगदान जागरूकता रैली निकाली

 | 
बीकानेर में अंगदान जागरूकता रैली निकाली


बीकानेर, 23 जुलाई (हि.स.)। जुलाई-अगस्त 2026 के दौरान संचालित अंगदान महादान जीवन संजीवनी अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बीकानेर और सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में अंगदान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आमजन में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना रहा।

रैली को राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय के प्राचार्य एवं डीन नर्सिंग, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर घनश्याम जांगिड तथा सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि अंगदान सबसे बड़ा जीवनदान है। एक व्यक्ति मृत्यु के बाद भी अपने अंगों के माध्यम से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्राचार्य एवं डीन नर्सिंग घनश्याम जांगिड़ ने कहा कि देश और प्रदेश में अंगों की कमी के कारण अनेक मरीज समय पर प्रत्यारोपण नहीं करा पाते हैं। ऐसे में समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अभियान के तहत नोडल अधिकारी अमिताभ तंवर एवं उनकी टीम के निर्देशन में विद्यार्थियों ने रंगोली, गायन, स्लोगन लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता और रील निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया, ताकि अंगदान का संदेश प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में उपप्राचार्य छोटू कुमारी, कुलवीर सिंहा, कैलाश चन्द्र, सुदीप्ता पाल, अनीता, सुमन, अब्दुल रज्जाक, अनुपम पारिक, मंगलचंद, नतिका तंवर, पूनम, डूंगरराम, दिवेश, मंजू, कैलाश कुमारी, प्रमिला सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव