home page

राहुल गांधी सहित संपूर्ण विपक्ष देश में अराजकता और हिंसक गतिविधियों का कर रहे है समर्थन: डॉ अरूण चतुर्वेदी

 | 
राहुल गांधी सहित संपूर्ण विपक्ष देश में अराजकता और हिंसक गतिविधियों का कर रहे है समर्थन: डॉ अरूण चतुर्वेदी


जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने तथा अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पेपरलीक जैसे गंभीर मुद्दे पर विपक्ष सदन में चर्चा करने के बजाय हंगामा और धरना-प्रदर्शन की राजनीति कर रहा है।

डॉ. चतुर्वेदी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि सदन और प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस का उद्देश्य पेपरलीक के मुद्दे पर सार्थक चर्चा करना नहीं, बल्कि केवल राजनीतिक माहौल बिगाड़ना है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं से स्पष्ट है कि विपक्ष अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पेपरलीक पर उसकी बयानबाजी पर सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली वाली कहावत चरितार्थ होती है।

उन्होंने विपक्ष से स्पष्ट करने की मांग की कि वह दंगाइयों, हिंसक गतिविधियों और अराजक तत्वों के साथ है या लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून का पालन करने वालों के साथ। डॉ. चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले यूपीए सरकार के दौरान अध्यादेश फाड़ चुके हैं और अब लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देना प्रधानमंत्री पद की गरिमा के विपरीत है और आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है।

डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपरलीक मामले पर सदन में चर्चा और फास्ट ट्रैक जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है। उनका आरोप था कि यदि सदन में बहस हुई तो विपक्ष शासित राज्यों में हुए पेपरलीक मामलों की भी चर्चा होगी, इसलिए कांग्रेस चर्चा नहीं चाहती।

उन्होंने राजस्थान की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में 19 पेपरलीक हुए, लेकिन न तो किसी ने इस्तीफा दिया और न ही निष्पक्ष जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि उस समय तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अजमेर से जयपुर तक पैदल मार्च निकाला था, तब भी कांग्रेस नेतृत्व ने उनका विरोध किया। डॉ. चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक दिखावा कर रही है और उसे छात्रों के भविष्य की वास्तविक चिंता नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश