home page

ऑपरेशन नॉकआउट में 8 लाख की अवैध शराब जब्त

 | 
ऑपरेशन नॉकआउट में 8 लाख की अवैध शराब जब्त


जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नॉकआउट’ के तहत दूदू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 लाख रुपए की देशी शराब जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा के निर्देशन में मिली गुप्त सूचना पर थानाधिकारी नेहा विश्नोई के नेतृत्व में टीम ने मौजमाबाद रोड स्थित गायत्री विहार कॉलोनी के पास देर रात नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर उसमें शराब के कार्टून भरे मिले। जांच में 170 कार्टून में कुल 8160 पव्वे (प्रत्येक 180 एमएल) देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1468.8 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने पिकअप में सवार चालक मगन लाल (35) और खलाशी जीतराम (34) निवासी पारली (टोंक) से दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और किन क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से बड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश