home page

ओपन हार्ट सर्जरी से मिली नई जिंदगी: सिकुड़े वाल्व को किया रिपेयर

 | 
ओपन हार्ट सर्जरी से मिली नई जिंदगी: सिकुड़े वाल्व को किया रिपेयर


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। एसआरके ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट सीटीवीएस डॉ. गौरव गोयल ने एक 54 वर्षीय मरीज की सफल माइट्रल वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी कर उसे नई जिंदगी दी है। मरीज काफी दिनों से सांस फूलने और धड़कन तेज चलने की समस्या से परेशान था। आराम करने पर भी सांस नहीं आती थी और थोड़ा सा चलने पर ही थकान महसूस होने लगती थी। परिजन मरीज को लेकर एसआरके हॉस्पिटल पहुंचे, जहां जांच के लिए 2 डी इको किया गया। जांच में सामने आया कि माइट्रल वाल्व में सिकुड़न के कारण खराबी आ चुकी थी और वाल्व के आसपास खून के थक्के भी जमे हुए थे। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तुरंत ओपन हार्ट सर्जरी का फैसला लिया और खराब वाल्व को रिपेयर किया।

डॉ. गौरव गोयल ने बताया कि कई बार रूमेटिक हार्ट डिजीज के कारण किसी भी उम्र में यह समस्या आ सकती है। समय पर जांच और एक्सपर्ट डॉक्टर से इलाज करवाना बहुत जरूरी होता है। यदि इसके इलाज में देरी हो जाए तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं, यहां तक कि जान को भी खतरा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि सांस फूलना, धड़कन तेज होना, सीने में दर्द और थकान को हल्के में नहीं लेना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत हृदय रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। सफल सर्जरी के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मरीज और परिजनों ने डॉ. गोयल और उनकी पूरी टीम का आभार जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश